सरिया पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चोरी की वारदात कबूल करने वाले 3 आरोपी और माल खरीदने वाला गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़ : सरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रिसोरा में हुई चोरी के मामले में सरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम एवं अन्य सामान सहित कुल 21,120 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रिसोरा निवासी जीतांबर पटेल 4 अगस्त को परिवार सहित पशुपतिनाथ मंदिर एवं बैजनाथ धाम दर्शन के लिए घर में ताला लगाकर गए थे। 16 अगस्त को वापस लौटने पर घर के अंदर का दरवाजा टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर एक कट्टा चावल, एक कट्टा धान, 21 नग सोने की कंठी जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये तथा 4 हजार रुपये नकद चोरी होना पाया गया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर सरिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 331(4), 305(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान चार संदेहियों ने चोरी की वारदात कबूल की। आरोपियों ने चोरी का सामान झसकेतन निषाद, उम्र 39 वर्ष, निवासी रिसोरा को बेचने की बात बताई।
गिरफ्तार आरोपियों में विश्वजीत विशाल पिता अशोक विशाल, केशव उर्फ राजा कोडाकू, स्वाधीन यादव पिता गोपाल यादव, सभी निवासी ग्राम रिसोरा, सरिया शामिल हैं। वहीं चोरी का सामान खरीदने के आरोप में झसकेतन निषाद को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 21,120 रुपये बरामद किए हैं। प्रकरण में बीएनएस की धारा 3(5) एवं 317(2) भी जोड़ी गई है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सहायक उपनिरीक्षक सुमन कुमार चौहान, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक गजेंद्र कुमार, आरक्षक ताराचंद, सुरेंद्र पटेल, गीता भास्कर, लक्ष्मीनारायण पांडे एवं नर्मदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







