स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर फाइनल रिहर्सल, कलेक्टर-एसपी ने व्यवस्थाओं का किया बारीकी से निरीक्षण

सुकमा :  जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को मिनी स्टेडियम में अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर अमित कुमार एवं पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर की मौजूदगी में मुख्य समारोह के अनुरूप मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का अभ्यास किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री शबाब खान ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्यसभा सांसद  देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे।

रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि के द्वारा परेड की सलामी ली गई, स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास किया। कलेक्टर अमित कुमार ने मुख्य मंच की साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए, वहीं स्कूलों के सांस्कृतिक प्रभारियों को बच्चों की प्रस्तुतियों को और बेहतर बनाने के लिए विशेष तैयारी सुनिश्चित करने कहा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियों में कोई कमी न रहने देने पर जोर दिया है। अंतिम रिहर्सल में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और समारोह की प्रत्येक व्यवस्था का अभ्यास किया गया। मिनी स्टेडियम में होने वाला मुख्य समारोह देशभक्ति के उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button