सुबह स्कूल निकले हेडमास्टर, रास्ते में धारदार हथियार से उतार दिया मौत के घाट

बलरामपुर :छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के घमनी गांव में हेडमास्टर की हत्या के बाद इलाके में हालात तनावपूर्ण हो गया है। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी है। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया। वहीं दमकल की टीम आग बुझाने का प्रयास कर रही है। यह मामला त्रिकुंडा थाना क्षेत्र का है।

जमीन विवाद में चचेरे भाइयों ने की हेडमास्टर की हत्या

जानकारी के अनुसार, मृतक जय करण सिंह जगते शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। सोमवार 20 जुलाई 2026 को वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उनके चचेरे भाई बृजमोहन जगते पिता बैजनाथ जगते (26 वर्ष) और हरिमोहन जगते पिता बैजनाथ जगते (23 वर्ष), निवासी ग्राम राधानगर, थाना त्रिकुंडा ने उन्हें रोक लिया।

इस दौरान आरोपियों ने जमीन विवाद को लेकर मृतक से कहा कि “जमीन विवाद कब तक करोगे”, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने जय करण सिंह जगते की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।

वहीं मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपियों के घर में लगाई आग

इधर, हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। देखते ही देखते घर आग की लपटों में घिर गया। इस दौरान एक दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया।फिलहाल, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और हालात पर नजर बनाए हुए है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button