स्कूल में गिरा छत का प्लास्टर, चपेट में आने से तीन छात्र घायल, परिजनों ने की जांच के बाद कार्रवाई की मांग

बेमेतरा :  छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के एक शासकीय प्राथमिक शाला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कक्षा दूसरी में अध्यापन कार्य के दौरान छत का प्लास्टर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर तीन छात्र घायल हो गए। इनमें से दो छात्रों के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र थानखम्हारिया में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।

पढ़िए पूरी खबर

यह पूरा मामला साजा विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुवारा के शासकीय प्राथमिक शाला का है। बताया जा रहा है कि स्कूल के कक्षा दूसरी में बच्चे पढ़ रहे थे। इसी दौरान छत का प्लास्टर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर तीन छात्र घायल हो गए।

परिजनों का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर है और नए भवन की मांग कई बार की गई, लेकिन विभाग ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि करीब डेढ़ साल पहले स्कूल जतन योजना के तहत छत की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन प्लास्टर सालभर भी नहीं टिक पाया।

जांच, कार्रवाई और नए स्कूल भवन की मांग

हादसे के बाद मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और अनियमितताओं पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा के लिए नए स्कूल भवन के शीघ्र निर्माण की मांग की है। अब देखने वाली बात होगी कि विभाग और प्रशासन इस पर क्या कार्यवाही करती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button