राजनांदगांव पुलिस का बड़ा एक्शन, महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार

राजनांदगांव :  शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला की आपत्तिजनक हालत में तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम के माध्यम से महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें उसके पति और परिचितों को भेजीं। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि शहर के गौरी नगर निवासी शेख अरबाज (उम्र 22 साल) ने 15 मई को इंस्टाग्राम के जरिए उसकी आपत्तिजनक हालत में तस्वीरें उसके पति और परिचितों को भेजकर वायरल कर दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि जब पीड़िता के पति ने आरोपी को ऐसा करने से मना किया, तो उसने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर सेल की भी मदद ली गई। तकनीकी जांच में शिकायत के तथ्यों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि साइबर सेल की जांच में मामले से जुड़े तथ्य सही पाए गए, जिसके आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button