IND vs ENG: टॉस बनेगा गेम चेंजर! मैनचेस्टर की पिच और मौसम पर बड़ा अपडेट

भारत और इंग्लैंड के बीच में मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में पांच मैचों की खेली जा रही टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच में इस सीरीज का पहला मैच चेस्टर ली स्ट्रीट के स्टेडियम में खेला गया था, जो बारिश के चलते भारतीय पारी के बाद रद्द हो गया था। अब ऐसे में दोनों टीमों के लिए सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाने के नजरिए से ये मुकाबला काफी अहम रहने वाला है। ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच की पिच को लेकर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं जिसमें यह बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद मानी जा रही है और यहां पर इंग्लैंड की टीम ने जब पिछली बार टी20 मुकाबला खेला था तो 300 से अधिक का स्कोर बना दिया था।

टारगेट का पीछा करने वाली टीम का पलड़ा रहा है भारी

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है। शुरुआती ओवर्स में तेज गेंदबाज थोड़ा प्रभावी दिखते हैं लेकिन इसके बाद रनों की गति को रोकना उनके लिए मुश्किल काम हो जाता है। मैनचेस्टर में अब तक कुल 15 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जहां सिर्फ 4 मुकाबले ही जीते हैं तो वहीं टारगेट का पीछा करने वाली टीम 6 मैचों को जीतने में कामयाब रही है, इसके अलावा 5 मैच रद्द रहे हैं। यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 150 रनों के आसपास का देखने को मिलता है। इंग्लैंड का यहां पर दबदबा देखने को मिला है जिसमें उन्होंने 7 मैचों में जीत हासिल की है तो वहीं तीन में उनको हार का सामना करना पड़ा है।

टीम इंडिया ने पिछली बार दर्ज की थी यहां जीत

भारतीय टीम ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में अब तक 2 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें एक मैच उन्होंने साल 2011 में खेला था और उसमें उनको 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इसके बाद भारतीय टीम ने पिछली बार साल 2018 में इस स्टेडियम में टी20 मैच खेला था और उसको वह 8 विकेट से एकतरफा अपने नाम करने में कामयाब रहे थे। दूसरे टी20 मुकाबले में वेदर की भूमिका भी अहम रहने वाली है, जिसमें मैच के बीच बारिश के चलते खलल पड़ने की संभावना को भी जताया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button