परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 18 वाहन चालकों से ₹44 हजार समन शुल्क वसूला

बेमेतरा, 25 जून 2026 :-जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में संयुक्त टीम द्वारा 18 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 44 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया।

उल्लेखनीय है कि कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समन्वय बैठक में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रामकृष्ण साहू द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात नियमों के कड़ाई से पालन हेतु परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के परिपालन में जिलेभर में विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान नो-एंट्री उल्लंघन, तेज गति से वाहन संचालन, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना बीमा, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट, परमिट शर्तों का उल्लंघन, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा नशे की हालत में वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जिला परिवहन अधिकारी एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा ई-चालान के माध्यम से 11 भारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें नो-एंट्री उल्लंघन के 7 प्रकरणों में 14 हजार रुपए, तेज गति के 2 प्रकरणों में 2 हजार रुपए, बिना लाइसेंस के 1 प्रकरण में 1 हजार रुपए तथा बिना बीमा के 1 प्रकरण में 2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।

इसके अतिरिक्त 7 बस चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इनमें परमिट शर्तों के उल्लंघन के 3 प्रकरण, मौके पर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के 2 प्रकरण, कंडक्टर के पास लाइसेंस नहीं होने का 1 प्रकरण तथा चालक द्वारा निर्धारित वर्दी नहीं पहनने का 1 प्रकरण शामिल रहा। इस प्रकार कुल 18 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 44 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया।

कार्रवाई के दौरान जिला परिवहन अधिकारी के.एल. महौर, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो सहित परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला परिवहन अधिकारी श्री महौर एवं यातायात प्रभारी श्री खलखो ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ आवश्यकतानुसार वाहन जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता कर उन्हें अस्पताल पहुंचाने अथवा एम्बुलेंस को सूचना देने का आग्रह किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button