नई मेडिकल रजिस्ट्रेशन नीति पर बवाल, JDA ने तोखन साहू को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर : जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में JDA CIMS बिलासपुर के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री और लोकसभा सांसद तोखन साहू से सौजन्य भेंट कर प्रदेश के युवा चिकित्सकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और समस्याओं के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में डॉ. नागेंद्र साहू (प्रेसिडेंट, JDA CIMS बिलासपुर), डॉ. योगेश्वर जायसवाल सहित अन्य युवा चिकित्सक शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को प्रदेश के इंटर्न, जूनियर रेजिडेंट, पोस्ट ग्रेजुएट और सुपर स्पेशलिटी चिकित्सकों की समस्याओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से की गई मांगें

ज्ञापन में विशेष रूप से राज्य में लागू किए जा रहे नए मेडिकल रजिस्ट्रेशन नियमों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन नियमों का प्रभाव प्रदेश के युवा चिकित्सकों के रोजगार, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा पर पड़ सकता है। इसलिए इस विषय पर व्यापक विचार-विमर्श और आवश्यक संशोधन किया जाना चाहिए।

डॉ रेशम द्वारा स्वास्थ्य विभाग में बढ़ रही आउटसोर्सिंग व्यवस्था का भी विरोध दर्ज कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं जैसे संवेदनशील क्षेत्र में नियमित एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। आउटसोर्सिंग व्यवस्था से स्थानीय युवा चिकित्सकों के अवसर प्रभावित हो सकते हैं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

JDA प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल विद्यार्थियों, इंटर्न, पीजी ,बोंडेड डॉक्टर्स एवं सुपरस्पेशलिटी रेजिडेंट्स को मिलने वाली छात्रवृत्ति, स्टाइपेंड एवं मानदेय को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से रखी। उन्होंने बताया कि देश के कई राज्यों में चिकित्सकों को बेहतर आर्थिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में अभी भी सुधार की आवश्यकता है।

इसके अतिरिक्त चिकित्सकों की सेवा शर्तों, कार्यस्थल सुरक्षा, पदोन्नति, आवासीय सुविधाओं एवं कार्य परिस्थितियों में सुधार की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि युवा चिकित्सकों को बेहतर कार्य वातावरण और सम्मानजनक सुविधाएं मिलेंगी तो प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा प्रतिभाशाली चिकित्सक छत्तीसगढ़ में ही अपनी सेवाएं देना पसंद करेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने दिया आश्वासन

तोखन साहू ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना तथा आश्वासन दिया कि इन विषयों को संबंधित स्तर पर उठाकर सकारात्मक समाधान की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ एवं JDA CIMS बिलासपुर ने आशा व्यक्त की कि प्रदेश के युवा चिकित्सकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा तथा चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के हित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button