स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया चिरमिरी में 15 बेड नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ

एमसीबी : नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नगर निगम चिरमिरी के वार्ड क्रमांक 28 में 15 बेड के अत्याधुनिक नशा मुक्ति केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। समाज कल्याण विभाग के प्रयासों से स्थापित यह केंद्र नशा पीड़ित व्यक्तियों के उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास के लिए समर्पित रहेगा। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार है, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम भी है।इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल (लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, स्कूल शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग), चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, समाज कल्याण विभाग के संचालक प्रभाकर कुमार द्विवेदी, उपसंचालक अंजना बैग तथा नशा मुक्ति केंद्र चिरमिरी के अधीक्षक अंकित खटीक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान मुख्य अतिथि और जनप्रतिनिधियों के द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। साथ ही 15 बेड नशा मुक्ति केंद्र का मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा निरीक्षण किया गया।अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ केवल एक प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक नई सोच, नई दिशा और सशक्त समाज के निर्माण की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है जो केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। यह धीरे-धीरे युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को समाप्त कर देता है। इसलिए नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल शासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने युवाओं को विशेष संदेश देते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं। खेल, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से अपने जीवन को संवारें। नशा किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह समस्याओं को और बढ़ाता है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और नशा मुक्ति केंद्र जैसी पहलें इसी प्रतिबद्धता का परिणाम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महापौर रामनरेश राय ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नशा मुक्त वातावरण बनाने के लिए यह केंद्र अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जागरूकता अभियानों और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।इस दौरान कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद मनीष खटिक, वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद रामावतार, वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद संजीत सिंह, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, पुरुषोत्तम सोनकर, प्रदीप सलूजा, मनोज जैन, अरविंद अग्रवाल, रूपेश सेठिया, संतोष सिंह परमार, ऊदल जायसवाल, शिव सोनकर, एसडीएम बिजेंद्र सारथी, तहसीलदार समीर शर्मा, थाना प्रभारी विजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्ति का संकल्प लिया और समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। इस केंद्र के प्रारंभ होने से चिरमिरी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब नशे से मुक्ति पाने के लिए बेहतर उपचार और मार्गदर्शन उपलब्ध होगा।







