NHM कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी, मुख्यमंत्री साय ने दिया बड़ा राहत पैकेज

बिलाईगढ़ :राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों के लिए प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन ऐतिहासिक साबित हुआ। राजधानी रायपुर स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ के महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने NHM कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से प्रदेशभर के हजारों NHM कर्मचारियों में उत्साह और खुशी का माहौल है। महासम्मेलन में जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के बड़ी संख्या में NHM कर्मचारी भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री साय ने NHM कर्मचारियों को प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए कहा कि दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में NHM कर्मियों का योगदान अतुलनीय है और राज्य सरकार उनके कार्यों का सम्मान करती है।

मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा निभाई गई सेवा भावना को याद करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में NHM कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जनता की सेवा की। उन्होंने बताया कि आज भी प्रदेश के अनेक दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मी कठिन परिस्थितियों में लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा रहे हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि जशपुर से सुकमा तक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में NHM कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की कई मांगों का निराकरण किया जा चुका है तथा स्थानांतरण नीति भी लागू कर दी गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कर्मचारियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए बताया कि अब NHM कर्मचारी भी कैशलेस उपचार योजना के दायरे में शामिल होंगे। साथ ही कर्मचारियों के लिए जीवन बीमा सुविधा लागू की गई है, जिसके अंतर्गत सामान्य मृत्यु की स्थिति में 6 लाख रुपये तथा दुर्घटना में मृत्यु अथवा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 1 करोड़ 40 लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री द्वारा हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा के बाद NHM कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गजमाला पहनाकर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रदेश NHM कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी सहित प्रदेशभर के स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ NHM कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष योगेश्वर चन्द्रम ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले को संघ सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्होंने महासम्मेलन की सफलता में सहयोग करने वाले जिले के समस्त NHM साथियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button