बिलासपुर में कांग्रेस नेता राजेश पांडेय विवादों में, रास्ता रोककर मारपीट की FIR दर्ज

बिलासपुर : शहर के पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता राजेश पांडेय एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन पर और उनके बेटे राहुल पांडेय पर एक व्यक्ति के साथ रास्ता रोककर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोसायटी की बैठक के बाद हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, शिवम एन्कलेव निवासी अमित शर्मा ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि सोसायटी की एक बैठक के बाद राजेश पांडेय और उनके बेटे राहुल पांडेय ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें गंभीर रूप से धमकाया गया। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

पत्थर से हमला करने का आरोप

अमित शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया है कि विवाद के दौरान उन पर पत्थर से हमला किया गया। आरोप है कि पत्थर उनके सिर और कंधे पर मारा गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस दौरान उनका चश्मा भी टूट गया।

पीड़ित के अनुसार मारपीट में उनके चेहरे, घुटने और पीठ पर भी चोटें आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

सोशल मीडिया में वायरल हुआ CCTV फुटेज

घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रही परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला

पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने राहुल पांडेय और राजेश पांडेय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों और वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व मेयर ने भी दर्ज कराई शिकायत

इधर पूर्व मेयर राजेश पांडेय ने शिवम इन्कलेव मिनोचा कॉलोनी निवासी अमित शर्मा पर मारपीट का आरोप लगाते हुए सिविल लाईन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही पुलिस को घटना का वीडियो सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button