छत्तीसगढ़ की बेटियों ने रचा इतिहास, जूनियर नेशनल बास्केटबॉल में जीता स्वर्ण पदक

पुद्दुचेरी : छत्तीसगढ़ की बालिका बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। पुद्दुचेरी में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने केरल को 55-51 अंकों से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।फाइनल मैच में दिव्या रंगारी ने शानदार खेल दिखाते हुए 22 अंक बनाए। टीम की कप्तान अंजली कोडापे ने 14 अंक, रूमी कोनवर और अंजनी ने 7-7 अंक का योगदान दिया। अदिति कोडापे ने 3 तथा सारा सिंह ने 2 अंक बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सोफी सिका और नंदनी माधो प्रधान ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

छत्तीसगढ़ की टीम ने सेमीफाइनल में कर्नाटक को 67-62 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र को 56-44 से पराजित किया। लीग मुकाबलों में भी टीम ने मजबूत तमिलनाडु और कर्नाटक जैसी टीमों को हराकर अपनी ताकत दिखाई।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ में विवाद के चलते बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने टीम चयन के लिए एडहॉक कमेटी बनाई थी। चयन समिति के चेयरमैन शक्ति सिंह गोहिल एवं पूर्व भारतीय कप्तान और ध्यानचंद अवार्ड से सम्मानित रामकुमार ने खिलाड़ियों का चयन किया।

टीम में अंजली कोडापे, अदिति कोडापे, अंजनी, रूमी कोनवर, सोफी सिका एवं नंदनी माधो प्रधान सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी राजनांदगांव से शामिल रहीं। टीम के कोच कालवा राजेश्वर राव, सहायक कोच लुमेन्द्र साहू तथा मैनेजर अनीता तिर्की रहीं। इस ऐतिहासिक जीत से प्रदेशभर में खुशी का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button