वन विभाग की दबिश से मचा हड़कंप, अर्जुन लकड़ी से भरा वाहन पकड़ा गया

बालोद : बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदरा-जगन्नाथपुर मार्ग स्थित एक पोल्ट्री फॉर्म के पास वन विभाग ने प्रतिबंधित अर्जुन लकड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने गुरुवार रात मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और लकड़ी से लदे वाहन को कब्जे में लिया।

जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान कथित लकड़ी तस्कर बबलू निषाद शराब के नशे में था। उस पर वन विभाग के कर्मचारियों और अवैध लकड़ी तस्करी की सूचना देने वाले व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को भी चुनौती दी और अभद्र व्यवहार किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में प्रतिबंधित लकड़ियों की अवैध कटाई और परिवहन का कारोबार लंबे समय से जारी है। तस्कर रात के अंधेरे में लकड़ियों को विभिन्न आरा मिलों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। हालांकि समय-समय पर कार्रवाई की खबरें सामने आती हैं, लेकिन बड़ी और प्रभावी कार्रवाई के अभाव में अवैध कटाई का सिलसिला थम नहीं रहा है।

वन विभाग द्वारा जब्त किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button