जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई, बैकुंठपुर में खराब फल जब्त

बैकुंठपुर/कोरिया :  छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले फल विक्रेताओं के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया। पिछले तीन दिनों 27 मई से 29 मई तक, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ निरीक्षण किया। इस दौरान भारी मात्रा में सड़े-गले फल जब्त कर नष्ट कराए गए, वहीं दुकानदारों को सख्त हिदायत भी दी गई।

अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर ने बताया कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश पर और कलेक्टर रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में कोरिया जिले की अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर के नेतृत्व में 27 मई को अभियान की शुरुआत जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से हुई। यहां टीम ने 6 फल दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी मात्रा में खराब फल पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया, जिसमें ​22 किलो आम, ​4 किलो सेब, ​14 दर्जन केले, ​1 किलो संतरा और 500 ग्राम अनार शामिल है।

इसी तरह से ​28 मई को कार्रवाई के दूसरे दिन टीम पटना पहुंची, जहां 9 फल दुकानों की जांच की गई। टीम ने सभी दुकानदारों को सड़े एवं खराब फल न बेचने तथा दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने की सख्त समझाइश दी। कार्रवाई के तीसरे दिन आज ​29 मई को जिला मुख्यालय में दोबारा कार्रवाई की गई।

आज मुख्यालय के अलग-अलग क्षेत्र में फिर से 5 फल दुकानों का सघन जांच किया गया। यहां नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 77 किलो से अधिक फल और केले नष्ट कराए गए, जिनमें ​65 किलो तरबूज, 12 किलो आम, 0​1 किलो सेब, ​2 दर्जन केले, 0​1 किलो अंगूर और 0​1 किलो चुकंदर शामिल है।

​अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से समझौता बर्दाश्त नहीं है। गर्मी के इस मौसम में सड़े-गले और हानिकारक रसायनों से पकाए गए फल बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी फल विक्रेताओं को अपनी दुकानों में साफ-सफाई रखने और केवल गुणवत्तापूर्ण फल ही बेचने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि विभाग का यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में नमूना सहायक प्रमोद पैकरा और निधि जायसवाल का योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button