कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने नदीपारा स्थित ग्राम तुमरीगुण्डा का किया निरीक्षण

दंतेवाड़ा:कलेक्टर दंतेवाड़ा देवेश कुमार ध्रुव ने रविवार नदीपारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुमरीगुण्डा का निरीक्षण कर गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणजनों के साथ बैठक कर गांव की समस्याओं से अवगत होते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर ध्रुव ने सबसे पहले गांव में राशन कार्ड की स्थिति की जानकारी लेते हुए पूछा कि सभी पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड बने हैं या नहीं तथा सभी ग्रामीणों को नियमित रूप से राशन प्राप्त हो रहा है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र परिवार राशन योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

इसके पश्चात कलेक्टर ने गांव में पेयजल व्यवस्था के बारे पूछा जिसमें ग्रामीणों द्वारा कुछ स्थानों पर पानी की समस्या होने की जानकारी देने पर उन्होंने सरपंच एवं सचिव को आवश्यक स्थानों पर रिंग कुआँ निर्माण की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाए।इस दौरान कलेक्टर ने वृद्धावस्था पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं, आयुष्मान कार्ड एवं आधार कार्ड की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों के सभी आवश्यक दस्तावेज एवं योजनाओं का लाभ समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।कलेक्टर ध्रुव ने विशेष रूप से बच्चों के जाति प्रमाण पत्र निर्माण को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार बारसूर को निर्देश दिए कि गांव के सभी बच्चों के जाति प्रमाण पत्र शत-प्रतिशत बनाए जाएं।

साथ ही आश्रम एवं स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने हेतु सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश प्रदान करने को कहा इसके अलावा कलेक्टर ने नए निर्वाचित हुए सरपंचों के क्षमता विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने 25 से 30 मई के मध्य विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि सरपंचों को गांव के समग्र विकास, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा किसानों की आय बढ़ाने संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से सरपंच ग्रामीणों को छोटे-छोटे स्वरोजगार एवं कृषि आधारित कार्यों के लिए प्रेरित कर सकेंगे, जिससे गांव की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। निरीक्षण के दौरान ग्राम सरपंच द्वारा गांव में छोटी पुल-पुलिया निर्माण की मांग रखी गई,जिस पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने तथा त्वरित स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button