क्या ‘राजा शिवाजी’ तोड़ेगी ‘छावा’ का रिकॉर्ड? एडवांस बुकिंग ने बढ़ाई हलचल

मई महीने की शुरुआत बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस के लिए बेहद खास होने वाली है। 1 मई को कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को लेकर हो रही है। फिल्म में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाते नजर आएंगे। टीजर और ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है और अब फिल्म की एडवांस बुकिंग ने भी मेकर्स की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

फिल्म ने एडवांस बुकिंग शुरू होते ही जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है। शुरुआती कुछ घंटों में ही ‘राजा शिवाजी’ ने करीब 1.12 करोड़ रुपये की एडवांस कमाई कर ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 43 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं, जबकि फिल्म के लिए 1182 शो निर्धारित किए गए हैं।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि फिल्म को मराठी दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। कुल एडवांस बुकिंग में से करीब 1.07 करोड़ रुपये की कमाई मराठी वर्जन से हुई है, जबकि हिंदी वर्जन से लगभग 4 लाख रुपये का कलेक्शन सामने आया है।

मुंबई और पुणे फिल्म के सबसे मजबूत सेंटर बनकर उभरे हैं। मुंबई से फिल्म ने करीब 50 लाख रुपये और पुणे से लगभग 32 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग हासिल की है। इसके अलावा कोल्हापुर, नागपुर, नासिक और सांगली जैसे शहरों से भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ब्लॉक सीट्स को शामिल किया जाए तो फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग लगभग 1.58 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

फिल्म में रितेश देशमुख के अलावा संजय दत्त विलेन के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। वहीं सलमान खान के संभावित कैमियो को लेकर भी फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘राजा शिवाजी’ बॉक्स ऑफिस पर विकी कौशल की ‘छावा’ को टक्कर दे पाएगी? फिलहाल एडवांस बुकिंग के आंकड़े फिल्म के लिए बेहद सकारात्मक संकेत दे रहे हैं और माना जा रहा है कि यह फिल्म शानदार ओपनिंग ले सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button