बालोद में दर्दनाक हादसा: बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत, सड़क पर उतरे ग्रामीण

 बालोद : नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के जमहिटोला प्लाजा और गुजरा गांव के बीच हुआ। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है और शवों को सड़क पर रखकर हाईवे पर चक्काजाम कर मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक मृतक की पहचान डोमेन्द्र यादव निवासी ग्राम गुजरा के रूप में की गई है, जबकि दूसरे युवक का चेहरा बुरी तरह कुचल जाने के कारण उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों ने खराब सड़क को बताया हादसे की वजह

घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। इधर, हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटना स्थल पर एकत्र हो गए और शवों को सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि नेशनल हाईवे-930 की खराब सड़क ही इस दुर्घटना की मुख्य वजह है। आक्रोशित ग्रामीण नेशनल हाईवे जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।

बिलासपुर : बैरियर से टकराया पिकअप, एक की मौत, 5 घायल

वहीं छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी हादसा हुआ है। मंगलवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप में सवार 6 युवक हाइट बैरियर से टकराकर गिर गए। इस हादसे में एक युवक का सिर फट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि मंगलवार को भारत लाइट हाउस के कर्मचारी सरकंडा में किसी शादी में काम करने गए थे। देर रात काम होने के बाद पिकअप में लाइट लेकर 10-15 कर्मचारी ट्रॉली में सवार होकर वापस जाने के लिए निकले थे। उन्हें मुंगेली नाका मंगला की तरफ जाना था। इस दौरान पिकअप का ड्राइवर शार्ट कट रास्ते पर जाने के लिए शिवघाट बैराज पहुंच गया। यहां नवनिर्मित बैराज के ऊपर सड़क बनी है, लेकिन बड़ी गाड़ियों को रोकने के लिए ऊपर हाइट बैरियर लगा दिया गया है। साथ ही खंभों में लाइट होने के बाद भी चालू नहीं किया गया है।

बैराज के ऊपर चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। पिकअप जैसे ही बैराज तक पहुंची, अंधेरे के कारण चालक को हाइट बैरियर दिखाई नहीं दिया। हाइट बैरियर से टकराते ही पीछे बैठे करीब छह लोग सड़क पर गिर गए। हादसे में बैरियर से टकराकर एक युवक का सिर फट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लोरमी निवासी प्रकाश रामकर के रूप में हुई है। वहीं पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button