जनगणना 2027 के तहत जिले में स्व-गणना प्रक्रिया शुरू, कलेक्टर एवं एसएसपी ने किया ऑनलाइन पंजीयन

बेमेतरा 20 अप्रैल 2026:- भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिले में स्व-गणना (सेल्फ ऐनुमैरेशन ) प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया है। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत नागरिकों को पहली बार ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी भरने की सुविधा दी गई है, जिससे जनगणना कार्य अधिक पारदर्शी, सरल और तेज़ हो सके।

कलेक्टर एवं एसएसपी द्वारा स्व-गणना का ऑनलाइन पंजीयन
स्व-गणना कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर द्वारा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना स्व-गणना प्रपत्र भरा गया। इसी क्रम में एसएसपी रामकृष्ण साहू द्वारा भी स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण की गई। दोनों अधिकारियों की इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को डिजिटल माध्यम से इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है।

स्व-गणना की ऑनलाइन सुविधा एवं प्रक्रिया
नागरिकों के लिए जनगणना संबंधी जानकारी भरने हेतु विशेष पोर्टल उपलब्ध कराया गया है। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही स्व-गणना फॉर्म भरा जा सकता है | यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी | फॉर्म भरने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक को दिखाना आवश्यक होगा | यदि कोई नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो प्रगणक 1 से 30 मई 2026 के बीच घर-घर जाकर जानकारी संकलित करेंगे।

जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिना किसी झिझक के सही एवं सटीक जानकारी प्रदान करें।

प्रथम चरण में मकान सूचीकरण कार्य
जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान— प्रगणक घर-घर जाकर डिजिटल मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संग्रह करेंगे | स्व-गणना में भरी गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा | पर्यवेक्षकों एवं चार्ज अधिकारियों द्वारा बहुस्तरीय जांच एवं पुनः सत्यापन किया जाएगा |

डिजिटल प्रणाली से सटीक जनगणना का लक्ष्य
इस पूरी प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का उपयोग कर सटीक एवं विश्वसनीय डेटा संग्रह सुनिश्चित किया जा रहा है। मोबाइल एप आधारित एंट्री और फील्ड सत्यापन के माध्यम से त्रुटिरहित जनगणना का लक्ष्य रखा गया है।

नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और सही जानकारी प्रदान कर देश की विकास योजनाओं को मजबूत आधार देने में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button