बोहारडीह में जैतखाम टूटने की घटना पर पुलिस की स्पष्टता, अफवाह न फैलाने की अपील

बलौदाबाजार : जिला पुलिस ने थाना गिधपुरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोहारडीह में जैतखाम टूटने की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को रोकने हेतु महत्वपूर्ण सूचना जारी की है।

पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को सायं लगभग 5:15 बजे व्हाट्सएप पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें ग्राम बोहारडीह में एक जैतखाम के टूटने का दृश्य दिखाया गया। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्ष भावना गुप्ता के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक (कैंप कसडोल) श्री कौशल किशोर वासनिक एवं थाना प्रभारी गिधपुरी निरीक्षक उनेश देशमुख सहित पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

घटनास्थल के प्रारंभिक एवं सूक्ष्म निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित जैतखाम पुरानी एवं पतली लकड़ी से बना हुआ था, जो तेज हवा या बंदरों के कूदने के कारण टूटना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की, जिसमें बताया गया कि सुबह तक जैतखाम सही स्थिति में था तथा तेज हवा और बंदरों की गतिविधि के कारण उसके टूटने की संभावना जताई गई।

पुलिस टीम ने ग्रामवासियों की उपस्थिति में मौके का निरीक्षण कर पंचनामा भी तैयार किया है।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी, मिथक, भड़काऊ बयान या वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button