करोड़ों की परियोजनाओं पर सख्ती: रायगढ़ दौरे में वित्त मंत्री चौधरी का बड़ा एक्शन

रायगढ़ : प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ प्रवास के दौरान शहर में संचालित करोड़ों रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने कला, संगीत, संस्कृति और साहित्य की पहचान वाले रायगढ़ को आधुनिक और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से संचालित 9 प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कोतरा रोड दुग्ध डेयरी क्षेत्र में विकसित हो रहे ऑक्सी-जोन, हाईटेक नालंदा लाइब्रेरी, रायगढ़ स्टेडियम परिसर में राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत बन रहे स्विमिंग पूल एवं खेल अधोसंरचना, पहाड़ मंदिर के सौंदर्यीकरण, एसईसीएल द्वारा विकसित मरीन ड्राइव, कायाघाट पुल निर्माण, एसईसीएल स्टॉप डेम (सिंचाई), एफसीआई ऑक्सीजोन तथा फतहामुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।

मंत्री श्री चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि रायगढ़ अपनी मूल पहचान को बनाए रखते हुए तेजी से विकसित शहर की दिशा में अग्रसर है और इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने शहर की जल उपलब्धता और सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन एनीकट कार्य का भी निरीक्षण किया। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री होमेश नायक ने बताया कि कुल लंबाई में से लगभग 50 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य 15 जून तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस पर वित्त मंत्री ने संभावित वर्षा को ध्यान में रखते हुए कार्य को 15 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेलपारा एनीकट के जीर्णोद्धार और खर्राघाट बैराज निर्माण की टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

वित्त मंत्री ने एसईसीएल की सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत पुराने जिंदल पुल से कायाघाट पुल तक विकसित किए जा रहे केलो रिवर फ्रंट परियोजना का भी निरीक्षण किया। लगभग 28.26 करोड़ रुपए की लागत (5 वर्षों के रखरखाव सहित) से संचालित इस परियोजना का कार्य 29 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो चुका है।

परियोजना के तहत केलो नदी तट का सौंदर्यीकरण, छठ घाट का विकास, सड़क निर्माण, कियोस्क (दुकानें), बैठने की व्यवस्था, शौचालय, कार एवं बाइक पार्किंग, आकर्षक बोर्ड वॉक (वॉकिंग पाथवे) तथा हरित विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र शहर का प्रमुख पर्यटन एवं आकर्षण केंद्र बनेगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा रायगढ़ को विकसित शहर के रूप में स्थापित करने हेतु स्वीकृत इन परियोजनाओं की वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी समय-समय पर स्वयं समीक्षा करते रहते हैं, जिससे कार्यों में गुणवत्ता और गति बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री मुकेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश क्षत्रिय, कार्यपालन अभियंता श्री लोहिया तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button