रायपुर रेलवे स्टेशन बना सुरक्षा अभ्यास का केंद्र, आपातकालीन हालात से निपटने की रिहर्सल

रायपुर : आज दिनांक को सायं 06:00 बजे रेलवे स्टेशन रायपुर में संभावित आपात स्थिति से निपटने हेतु एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। ड्रिल की शुरुआत कंट्रोल रूम को प्राप्त एक गोपनीय सूचना से हुई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति द्वारा बैग में संदिग्ध सामग्री रखकर स्टेशन परिसर में मौजूद होने की जानकारी दी गई थी। सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कंट्रोल रूम द्वारा आरपीएफ कंट्रोल रूम को सूचित किया गया तथा फायर ब्रिगेड एवं एम्बुलेंस को अलर्ट पर रखा गया। साथ ही एसीपी कोतवाली श्री दीपक मिश्रा एवं असिस्टेंट कमांडेंट आरपीएफ वी.सी. लांजीवाल को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।
एडिशनल डीसीपी (मध्य जोन) श्री तारकेश्वर पटेल के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन के बाहर आरपीएफ थाना के समीप कमांड पोस्ट स्थापित कर समूचे ऑपरेशन का संचालन किया गया।पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म्स की सघन जांच हेतु अलग-अलग टीमों का गठन किया गया तथा चारों प्रमुख एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट्स को नियंत्रित कर वहां सशस्त्र बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई। बम डिस्पोजल स्क्वॉड के साथ विशेष टीमों को संदिग्ध वस्तु की खोज एवं निष्प्रभावीकरण हेतु रवाना किया गया। सभी टीमों ने समन्वित एवं चरणबद्ध तरीके से पूरे स्टेशन परिसर में तलाशी अभियान चलाया, जिससे किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटने की क्षमता का परीक्षण किया जा सके।
इस दौरान RPF से निरीक्षक दिलीप बस्तिया, उप निरीक्षक ए.जेड. चौधरी, थाना प्रभारी गंज निरीक्षक दीपक पासवान, थाना प्रभारी आरपीएफ, थाना प्रभारी जीआरपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं आरपीएफ-जीआरपी के जवान उपस्थित रहे। मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई की तैयारियों का सफल परीक्षण किया गया, जिससे भविष्य में किसी भी वास्तविक स्थिति से निपटने हेतु सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं सक्षम सिद्ध होगी।







