कपिल देव का बड़ा बयान: ‘सचिन तेंदुलकर ने सबकी लाइफ खराब कर दी’, क्यों कहा ऐसा?

नई दिल्ली : भारत को पहला वर्ल्ड कर दिलाने वाले कप्तान और महान ऑलराउंडरों में शुमार कपिल देव ने सचिन तेंदुलकर को लेकर बड़ी बात कही है। कपिल ने कहा है कि सचिन ने 15 साल की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था और तब से कई लोग चाहते हैं कि उनके बच्चे भी ऐसा करें।
सचिन ने नवंबर-1989 में अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। सचिन का जो सफर यहां से शुरू हुआ था वो एक सर्वकालिक महान बल्लेबाज बनने तक चला। उन्हें कई तरह के नामों से नवाजा गया। मास्टर ब्लास्टर, क्रिकेट के भगवान, ये वो नाम हैं जिनसे सचिन को पुकारा जाता है। वह शतकों का शतक जमाने वाले पहले और अभी इकलौते बल्लेबाज हैं।
उन्होंने कहा, “हमने जो सीखा था वो ये था कि आप जितनी नेट पर गेंदबाजी करोगे उतने बेहतर होगे। लेकिन आजकल के जो कोचेस हैं वो साइंटिफिक हैं। उनका कहना है कि आपको 18 गेंदों से ज्यादा नहीं करना है। तो आप चार ओवर गेंदबाजी करोगे और फिर आपको 10 ओवर करने पड़ गए तो आपको चोट तो लग जानी है। लोग या साइंस क्या कहता है उस पर मत जाओ। कई बार आपको अपने शरीर के साथ जाना पड़ता है।”
उन्होंने कहा, “साइंस अच्छा है मैं इसके खिलाफ नहीं हूं, लेकिन आपको अपने शरीर को समझना होगा। 90 परसेंट क्रिकेटर अपने शरीर को नहीं समझते हैं, लेकिन ये सोचते हैं कि वो कर सकता है तो मैं क्यों नहीं कर सकता। ये समझना होगा कि हर कोई अलग है। जो दारा सिंह वजन उठा सकता था वो हर कोई नहीं उठा सकता था।”
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कपिल ने कहा, “विराट कोहली काफी एक्सरसाइज करते हैं, काफी वजन उठाते हैं। बाकी उसको फॉलो करेंगे तो अस्पताल में ही जाएंगे ना। कोई एक घंटे में किताब पढ़ लेता है तो मेरे जैसे को एक सप्ताह लगता है। आपको अपने आप को समझना होता है, लेकिन हम अपने आप को नहीं समझते हैं। हम ये देखते हैं कि दूसरा क्या कर रहा है। और एक बड़ी चीज सामने आई है, सचिन तेंदुलकर ने सबकी लाइफ खराब कर दी। 15 साल में खेला गया इंडिया। सब मां-बाप कहते हैं कि तुम क्यों नहीं खेल सकते वो तो खेल गया। वो जीनियस है। ये नहीं होने वाला है।”







