बोनस नंबर का लालच दे कराई थी पुताई, प्रभारी प्राचार्य निलंबित

जांजगीर : महात्मा ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय, डोंगाकौहरौद के प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने निलंबित कर दिया है। निलंबन का कारण है प्रैक्टिकल परीक्षा में विद्यार्थियों को दस अंक बोनस देने का लालच देकर विद्यालय में रंगाई–पुताई करवाना, बोर्ड परीक्षा फीस अधिक लेना और हिंदू देवी–देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना। शिकायत के अनुसार, कुंज किशोर ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल परीक्षा में बोनस अंक देने का लालच दिया और इसके बदले विद्यालय की रंगाई–पुताई करवाने को कहा। इसके अलावा उन्होंने रसीद मांगने और फीस अधिक लेने पर छात्र-छात्राओं को परीक्षा में देख लेने की धमकी दी। छात्रों के सामने हिंदू देवी–देवताओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
इस मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने प्राचार्य को पद से पृथक कर जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान सभी आरोपों की पुष्टि हुई और कुंज किशोर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उनका उत्तर संतोषजनक न पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबन के लिए प्रस्ताव डीपीआई को भेजा।
डीपीआई ने प्रस्ताव पर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्राचार्य को निलंबित कर मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर–चांपा में नियत कर दिया। निलंबन अवधि में उनके कर्तव्यों को स्थगित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी और छात्र-छात्राओं के हितों और धार्मिक भावनाओं की सुरक्षा प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई से शिक्षा जगत में एक संदेश गया कि स्कूलों में अनुचित व्यवहार और छात्रों का शोषण सहन नहीं किया जाएगा। वहीं, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शिक्षकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय के बाद जिले के शिक्षकों और अभिभावकों में संतोष व्यक्त किया जा रहा है और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में ऐसे मामले नहीं होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button