जम्मू के बाल सुधार गृह से भागे दोनों पाकिस्तानी कैदी गिरफ्तार, अंबाला से पकड़े गए

जम्मू के बाल सुधार गृह से फरार हुए दो पाकिस्तानी कैदियों को घटना के 24 घंटे के भीतर पंजाब के अंबाला से गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने की. पुलिस ने बताया कि करणजीत सिंह नामक तीसरे कैदी को भी घेर लिया गया है और उसे जल्द ही गिरफ्तार किए जाने की संभावना है. वह आरएस पुरा का लोकल गैंगस्टर बताया जा रहा है.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बयान में कहा कि आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह से फरार हुए तीनों कैदी बालिग हैं. गिरफ्तारी के समय वे नाबालिग थे. दोनों पाकिस्तानी कैदियों की लोकेशन पंजाब के अंबाला जिले के एक गांव में ट्रेस की गई, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर और पंजाब पुलिस की स्पेशल टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. फरार आरोपियों ने सोमवार को जम्मू के सीमावर्ती इलाके आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह से भागने के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया था. यह घटना सोमवार शाम करीब 5.30 बजे हुई.

फरार कैदियों की पहचान अहसान अनवर (निवासी ननकाना साहिब, पाकिस्तान), मोहम्मद सनाउल्लाह (निवासी मुजफ्फराबाद, पाकिस्तान) और करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा (निवासी डाबलेहर, आरएस पुरा) के रूप में हुई है. हमले के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनकी पहचान विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) विनय कुमार और हेड कांस्टेबल परवीन कुमार के रूप में हुई. दोनों को तत्काल चिकित्सकीय उपचार मुहैया कराया गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नाबालिग कैदी हाथ में पिस्तौल लिए फायरिंग करते और भागते हुए दिखाई दे रहे हैं.

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उन्हें पिस्तौल कहां से मिली. घटना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया. कई विशेष टीमों का गठन किया गया और विभिन्न राज्यों में छापेमारी की गई, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पाकिस्तानी नागरिकों को अंबाला से गिरफ्तार कर लिया गया. यह जांच भी की जा रही है कि कैदियों ने बाल सुधार गृह से फरार होने की योजना कैसे बनाई और क्या इसमें किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button