मंगल कार्बन प्लांट हादसा: हादसे में झुलसी नौ माह की मासूम की मौत

खरसिया :- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में स्थित श्री मंगल कार्बन प्लांट में हुए भीषण हादसे में एक नौ माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा प्लांट में टायर रिसाइक्लिंग यूनिट के फर्नेस/बॉयलर में विस्फोट के बाद हुआ था, जिसमें बच्ची सहित कुल आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे।घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एक निजी बर्न सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फर्नेस खोलते समय अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आग की लपटें फैल गईं। हादसे में प्लांट में काम कर रहे कई मजदूर झुलस गए, जिनमें से कुछ की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के अभाव की बात सामने आ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्लांट प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, बच्ची की मौत के बाद स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों में आक्रोश है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button