जन चौपाल के माध्यम से श्रमिकों को दी जा रही विकसित भारत गारंटी एवं जल संरक्षण की जानकारी

बेमेतरा 02 फरवरी 2026:– मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बेमेतरा प्रेमलता पद्माकर के मार्गदर्शन में जिले के विकासखंड अंतर्गत लगभग सभी ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत श्रममूलक कार्य निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को विशेष रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप आगामी दिवसों में महात्मा गांधी नरेगा के स्थान पर विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) का संचालन किया जाना प्रस्तावित है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न कार्य स्थलों पर श्रमिकों को इस नई पहल के संबंध में जन चौपाल के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही विभिन्न माध्यमों से योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है।

ग्राम पंचायत भार्गव में जन चौपाल का आयोजन
विकासखंड बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत भार्गव में मनरेगा योजना के तहत संचालित तालाब गहरीकरण कार्य स्थल पर जन चौपाल का आयोजन किया गया, जहां लगभग 350 श्रमिक कार्यरत हैं। कार्य स्थल पर ही श्रमिकों को आजीविका डबरी निर्माण, विकसित भारत गारंटी, रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण – VB-G-RAM-G) तथा जल संरक्षण हेतु प्रस्तावित विभिन्न कार्यों की जानकारी विस्तार से दी गई।

जल संरक्षण एवं रिचार्ज पिट पर दिया गया विशेष जोर
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि जल संरक्षण के माध्यम से भविष्य की जल आवश्यकताओं को सुरक्षित किया जा सकता है। इस अवसर पर घरों में रिचार्ज पिट निर्माण कर वर्षा जल को भूमि में पुनर्भरण करने की तकनीक एवं उसके लाभों की जानकारी दी गई। बताया गया कि रिचार्ज पिट से भू-जल स्तर में वृद्धि होती है तथा पेयजल की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

आजीविका डबरी से बढ़ेगी आमदनी
चौपाल में आजीविका डबरी निर्माण के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि आजीविका डबरी से जल संरक्षण के साथ-साथ मछली पालन, सिंचाई एवं अन्य आजीविका गतिविधियों के लिए पानी उपलब्ध होगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि संभव है।आजीविका डबरी निर्माण हेतु मनरेगा योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता उपलब्ध होने की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इस कार्य में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की गई।

विकसित भारत गारंटी (VB-G-RAM-G) की जानकारी
इस अवसर पर विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इस मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित करना एवं आजीविका को सशक्त बनाना है।

जनप्रतिनिधि एवं श्रमिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं मनरेगा के पंजीकृत श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button