अपर कलेक्टर भारद्वाज ने जनदर्शन में सुनी आमजन की समस्याएं 90 आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश, कई मामलों का मौके पर समाधान

बेमेतरा, 02 फरवरी 2026:  कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार भारद्वाज द्वारा आज सोमवार को कलेक्टरेट स्थित दृष्टि सभा कक्ष में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनदर्शन के दौरान अपर कलेक्टर श्री भारद्वाज ने उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को दूरभाष पर एवं मौके पर बुलाकर आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कई मामलों में समस्याओं का समाधान तत्काल मौके पर ही किया गया।

आज आयोजित जनदर्शन में विभिन्न शिकायतों एवं समस्याओं से संबंधित कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए। तात्कालिक महत्व के मामलों का जहां शीघ्र निराकरण किया गया, वहीं गंभीर एवं जांच योग्य प्रकरणों को टीएल पंजी में दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनदर्शन में दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए आवेदकों में तहसील बेरला के ग्राम भटगांव निवासी सावित्री साहू ने आवासी भूमि प्रदाय किए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। तहसील बेरला के ग्राम कोसपातर, बारगांव निवासी जमुना बाई यादव ने जब्तशुदा मारुति ऑल्टो वाहन को सुपुर्दनामा में दिए जाने संबंधी आवेदन दिया। तहसील भिंभौरी के ग्राम अकोली निवासी जानकी वर्मा ने भूमि विक्रय पर रोक लगाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार तहसील साजा के ग्राम कारेसरा निवासी रुखमणी यादव ने विद्युत मीटर परिवर्तन एवं विद्युत बिल माफी हेतु आवेदन दिया। तहसील भिंभौरी के ग्राम गुधेली निवासी अरूणा वर्मा ने 10 रुपये वाले राशन कार्ड को गरीबी रेखा राशन कार्ड में परिवर्तित करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा जनदर्शन में निराश्रित पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बैटरी चलित ट्रायसायकल, कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्ढा हटाने, आम रास्ता खुलवाने सहित विभिन्न जनहित से जुड़ी समस्याओं के आवेदन भी प्राप्त हुए।अपर कलेक्टर श्री भारद्वाज ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए तथा नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button