दुर्ग में रूह कंपा देने वाली दरिंदगी, नाबालिग से 7 साल तक सामूहिक दुष्कर्म, 60 वर्षीय बुजुर्ग समेत दो गिरफ्तार

दुर्ग : महिला थाना क्षेत्र में नाबालिग पीड़िता के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 जनवरी 2026 को पीड़िता अपनी माता के साथ महिला थाना में उपस्थित हुई और लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उल्लेख किया गया कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच पीड़िता के नाबालिग होने के बावजूद कुल 06 आरोपियों द्वारा उसके साथ बार-बार दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं घटित की गई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

महिला थाना ने रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 65(1), 70(2) BNS एक्ट और POCSO एक्ट की धारा 6, 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जांच प्रक्रिया पूरी तरह विधि के अनुसार चल रही है। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में विजय स्वाइन (37 वर्ष), निवासी दुर्गा नगर पश्चिम भिलाई, और अनिल चौधरी (60 वर्ष), निवासी ज़ोन वन खुर्शीपार शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। शेष चार आरोपियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाया जा रहा है, और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने विवेचना के दौरान आवश्यक साक्ष्य भी जब्त किए हैं, जो आगे की कानूनी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण साबित होंगे। अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है और सभी तथ्य संकलित कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। महिला थाना दुर्ग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को ऐसे किसी भी प्रकार की गतिविधि या संदिग्ध व्यवहार दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने यह भी कहा कि नाबालिगों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button