छत्तीसगढ़ के जशपुर में महिला ने पति की हत्या कर सूटकेस में छिपाया

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के भिंजपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी ने अपने पति की हत्या कर शव को सूटकेस में छिपा दिया।
घटना के बाद महिला मौके से फरार हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक संतोष भगत (43) का शव उसके घर में मिले मैरून रंग के सूटकेस से बरामद हुआ। शव को छिपाने के लिए सूटकेस को कंबल से ढंका गया था।
घटना के दौरान मृतक की बेटी मां और बाप के बीच हो रहे विवाद को मोबाइल में सुन रही थी। हालांकि उसको विवाद के दौरान पिता की हत्या की भनक नहीं मिल पाई। आरोपित पत्नी घटना को अंजाम देकर फरार हो गई है। उसकी तलाश में जशपुर पुलिस की टीम जुटी हुई है। मामला जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के भिंजपुर गांव की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को भिंजपुर गांव में प्रार्थी विनोद मिंज के घर में एक सूटकेस में शव होने की सूचना मिली थी।
संतोष की शादी हो चुकी है और उसके तीन बच्चे हैं। तीनों का विवाह होने के बाद उसकी तीनों बेटियां ससुराल में रहती है। पत्नी रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहती है। स्वजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ ही दिन पूर्व आरोपित पत्नी मंगरिता भगत मुंबई से भिंजपुर लौटी थी। स्वजनों के अनुसार 8 नवंबर को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच में जमकर विवाद हुआ था।
आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के दौरान ही आरोपित पत्नी ने पति संतोष की हत्या की होगी। फिलहाल मामले में दुलदुला पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 (1) के अंर्तगत अपराध पंजिबद्व कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। फरार आरोपित महिला के पकड़े जाने के बाद ही कारण पता चल पाएगा। उन्होनें बताया कि आरोपिता के मुंबई भागने की आशंका को देखते हुए,एक टीम को मुंबई के लिए रवाना किया जा रहा है।
बदबू आने पर खुला हत्या का मामला
“मामले में प्रार्थी विनोद मिंज की शिकायत पर आरोपित पत्नी मंगरिता भगत के विरूद्व अपराध पंजिबद्व किया गया है। आरोपित पत्नी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम महाराष्ट्र के लिए रवाना किया जा रहा है। उसके पकड़े जाने पर हत्या का कारण का पता चल सकेगा।”
-शशि मोहन सिंह,एसएसपी,जशपुर।







