वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर बेमेतरा जिले में होगा भव्य आयोजन

बेमेतरा : शासन के निर्देशानुसार वंदे मातरम के 150वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बेमेतरा जिले में विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने संबंधित अधिकारियों, नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को इस आयोजन को गरिमामय और उत्साहपूर्वक मनाने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम चार चरणों में संपन्न होगा प्रथम चरण: 7 से 14 नवम्बर 2025, द्वितीय चरण: 19 से 26 जनवरी 2026, तृतीय चरण: 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ), तथा चतुर्थ चरण: 1 से 7 नवम्बर 2026 (समापन सप्ताह) तक आयोजित किया जाएगा।

इस भव्य आयोजन का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के करकमलों द्वारा किया जाएगा। 7 नवम्बर को प्रातः 10 से 11 बजे तक दूरदर्शन के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिसे सभी शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अनिवार्य रूप से देखा जाएगा। प्रधानमंत्री के उद्बोधन के पश्चात सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया जाएगा। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने बताया कि कल दिनांक 07 नवम्बर को सभी विभागीय अधिकारियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों को प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन करना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से जिले में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के प्रति सम्मान, गर्व और एकता का संदेश दिया जाएगा।

इस अवसर पर जिलेभर में वंदे मातरम के विविध आयामों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत समारोह, लघु फिल्म प्रदर्शन, स्मारक डाक टिकट एवं सिक्का विमोचन की फिल्म, कवि सम्मेलन, चित्रकला, रंगोली प्रतियोगिता और प्रदर्शनी जैसे आयोजन होंगे। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा बैंड की प्रस्तुति और सांगीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के दल सक्रिय रूप से भाग लेंगे। शैक्षणिक संस्थानों में वंदे मातरम को समर्पित विशेष सभाएं, निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और देशभक्ति की भावना और प्रगाढ़ हो सके।कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इन कार्यक्रमों की तैयारी समयपूर्व पूर्ण की जाए और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित कर इसे जिले में एक जनआंदोलन के रूप में मनाया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button