अंकिता शर्मा होंगी राजनांदगांव की पहली महिला एसपी

राजनांदगांव: 2018 बैच की आइपीएस अंकिता शर्मा राजनांदगांव की पहली महिला एसपी होंगी। शुक्रवार की शाम शासन ने उनकी नई पदस्थापना के आदेश जारी किए। वे जिले की 21वीं एसपी के तौर पर कार्यभार संभालेंगी। इससे पहले वे नवगठित खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला की पहली पुलिस अधीक्षक रह चुकी हैं।
वहीं, राजनांदगांव एसपी रहे 2013 बैच के आइपीएस मोहित गर्ग का तबादला पुलिस मुख्यालय कर दिया गया है। वे वहां सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने हालही में राजनांदगांव में अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे किए थे। उन्हें यहां अक्टूबर 2023 में पदस्थापना मिली थी। बीते कुछ सालों में वे पहले ऐसे एसपी हैं जिन्होंने यहां लंबा कार्यकाल बिताया।
गौरतलब है कि आइपीएस गर्ग के कार्यकाल के दौरान कई मामले प्रदेश में चर्चित भी रहे और विवादों से घिरे हुए भी। इनमें करवारी शराब घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, मोहड़ गोलीकांड और कुछ महीनों पहले नवागांव में दोहरे हत्याकांड के मामले शामिल हैं।







