जावंगा समाधान शिविर में पहुंचे दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप

दंतेवाड़ा : गीदम विकासखंड के जावंगा एजुकेशन सिटी परिसर में आयोजित समाधान शिविर के आयोजन संपन्न हुआ।समाधान शिविर में पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार-2025 के माध्यम से जिले में जनसमस्याओं के समाधान के लिए अभिनव पहल हुई है।शासन की योजनाएं अब सीधे जनता के द्वार तक पहुंच रही हैं और सरकार की प्राथमिकता जनसुनवाई और त्वरित समाधान है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार तीन चरणों में आयोजित हो रहा है। पहले चरण में 8-13 अप्रैल तक आवेदन लिए गए, दूसरे चरण में 14 अप्रैल से 5 मई तक निराकरण किया गया, और अब 5 मई से मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद एवं विधायक इन आवेदनों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बस्तर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य तेजी से हो रहा है। कांकेर और जगदलपुर के बाद अब दंतेवाड़ा में भी मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अभी हाल ही में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में दंतेवाड़ा के साइंस सेंटर के सराहना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे स्थानीय छात्रों की वैज्ञानिक प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलेगा।
मंत्री कश्यप ने कहा, “जब भी मैं दंतेवाड़ा आता हूं, यहां कोई न कोई नवाचार अवश्य देखने को मिलता है।” उन्होंने कहा कि खेल, व्यावसायिक शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में यहां की प्रतिभाएं तेजी से उभर रही हैं। जिले में खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए हॉकी और स्केटिंग जैसे खेलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। और कोई आश्चर्य नहीं होगा की भविष्य में यहां की खेल प्रतिभाएं अन्य जिलों से मुकाबला करेगी। मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 से 72 लाख महिलाओं को लाभ मिला है, किसानों को 31 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से धान की खरीदी की जा रही है, और 14 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रति बोरा 5,500 रुपये मिल रहे हैं। मंत्री ने कहा कि अब ग्रामीणों का जीवन स्तर पहले से कहीं बेहतर हो गया है।







