Ujjain News: आडियो वायरल होने से बड़नगर की सियासत में हड़कंप

HIGHLIGHTS
- निर्दलीय प्रत्याशी को वोट देने का दबाव
Ujjain News: नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। जिले की बड़नगर विधानसभा में इन दिनों एक आडियो बहुप्रसारित हो रहा है। इससे भारतीय जनता पार्टी में हड़कंप मचा हुआ है। इसमें निर्दलीय प्रत्याशी को वोट देने व जिताने का दबाव बनाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आडियो में आवाज पूर्व विधायक शांतिलाल धबाई की है। हालांकि धबाई ने इसे खारिज करते हुए कुछ भी कहने से मना कर दिया।
बड़नगर में भाजपा ने जितेंद्र पंड्या को प्रत्याशी बनाया था। पूर्व विधायक शांतिलाल धबाई ने इसका विरोध करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कही थी। निर्दलीय नामांकन भी भरा था। बाद में वरिष्ठ नेताओं की समझाइश के बाद धबाई ने अपना नाम वापस ले लिया था।
अब क्षेत्र में एक आडियो बहुप्रसारित हो रहा है। इसमें कांग्रेस से बगावत कर मैदान में उतरे निर्दलीय उम्मीदवार राजेंद्रसिंह सोलंकी को चुनाव में सहयोग करने को कहा जा रहा है। यह आवाज भाजपा के पूर्व विधायक शांतिलाल धबाई की बताई जा रही है। हालांकि धबाई ने इसे खारिज करते हुए कोई भी प्रतिक्रिया देने से इन्कार कर दिया।







