बालोद में महतारी वंदन योजना का अजब मामला, जीवित महिला को मृत बताकर थमाया रिकवरी नोटिस

 

बालोद :  महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों की पात्रता जांच के बीच बालोद जिले में विभागीय कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने कई महिलाओं को अपात्र बताते हुए पहले दी गई राशि वापस करने के नोटिस जारी किए हैं। इसी कार्रवाई में एक जीवित महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्शाए जाने का मामला सामने आया है। महिला को 14 महीने में मिली 14 हजार रुपये की राशि लौटाने के लिए कहा गया है।

‘साहब, मैं जिंदा हूं’… मृत बताकर भेज दिया वसूली का नोटिस

भेड़िया नवागांव निवासी मितानिन कार्यकर्ता उमा कोमिया को बालोद परियोजना अधिकारी कार्यालय से जारी नोटिस में मृत हितग्राही बताया गया है। विभाग ने उनके खाते में महतारी वंदन योजना के तहत जमा हुई राशि वापस करने को कहा है।

उमा के मुताबिक, उनके पति जनपद कार्यालय में सचिव के पद पर कार्यरत थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से पैरालाइज्ड हैं। ऐसे में योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए काफी महत्वपूर्ण थी। अचानक राशि लौटाने का नोटिस मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। उमा अब खुद को जीवित साबित करने और रिकॉर्ड में सुधार कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं।

बेटी की शादी हो चुकी, फिर भी नौकरी के आधार पर मां को अपात्र बताया

योजना से जुड़ा दूसरा मामला राजेश्वरी बाई का है। विभाग ने उनकी सहायता राशि बंद कर दी और बेटी के सरकारी नौकरी में होने का हवाला देते हुए रिकवरी नोटिस जारी कर दिया।

राजेश्वरी बाई का कहना है कि उनकी बेटी की शादी हो चुकी है और वह अपने ससुराल में रहती है। ऐसे में बेटी की नौकरी के आधार पर उन्हें योजना से अपात्र ठहराना उचित नहीं है। प्रभावित महिलाओं का कहना है कि वे योजना की पात्र हैं और आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि 14 हजार रुपये वापस कर सकें।

अधिकारियों ने शुरू की मामलों की जांच

मामले पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा ने बताया कि यह प्रकरण बालोद परियोजना से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि नोटिस किन परिस्थितियों में जारी किए गए और कहीं त्रुटि हुई है या नहीं, इसकी जानकारी मंगाई गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जिले में 5 हजार हितग्राहियों को नोटिस, 72 लाख की रिकवरी

जिला कार्यक्रम अधिकारी के मुताबिक, बालोद जिले में महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 5 हजार अपात्र और संदिग्ध हितग्राहियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन मामलों में करीब 72 लाख रुपये की रिकवरी के लिए नोटिस भेजा गया है।

विभाग का कहना है कि कुछ लोग पात्रता श्रेणी में नहीं आने के बावजूद योजना का लाभ ले रहे थे। वहीं, कुछ हितग्राहियों की मृत्यु होने की आशंका भी सामने आई है। फिलहाल सभी मामलों की समीक्षा और जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कितने हितग्राही वास्तव में अपात्र हैं और कितने मामलों में रिकॉर्ड या प्रशासनिक प्रक्रिया की गलती हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button