कोरिया में मातम: दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहा ऑटो पिकअप से भिड़ा, 3 महिलाओं की मौत

कोरिया:छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं घायल हो गईं। घटना पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा के पास हुई, जहां पिकअप वाहन और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहा था ऑटो

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे।

इसी दौरान सांवारावा गांव के पास पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार कई लोग घायल हो गए।

तीन महिलाओं की मौत

हादसे के बाद घायलों को तत्काल पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान:

– फुलकुंवर, पति महेंद्र सिंह, उम्र 50 वर्ष
– रामबाई, पति रामकुमार, उम्र 60 वर्ष
– फुलकुंवर, पति जगजीवन, उम्र 60 वर्ष

तीनों मृत महिलाएं करहीपारा छिंदिया की रहने वाली थीं।

वहीं हादसे में घायल छह महिलाओं का अस्पताल में उपचार जारी है।

पिकअप चालक हादसे के बाद फरार

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार चालक और दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद करहीपारा छिंदिया सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button