रायपुर में गुटखा स्टॉक पर बड़ी कार्रवाई, DGGI ने गोदाम से 50+ बोरे किए जब्त

रायपुर : राजधानी में गुटखा कारोबार से जुड़े एक ठिकाने पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने मंगलवार को दबिश दी। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई करने पहुंची टीम ने शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में दस्तावेजों और गुटखे के स्टॉक की जांच की। कार्रवाई के दौरान गोदाम से 50 से ज्यादा बोरे ‘सितार’ गुटखा जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि DGGI की टीम तीन वाहनों से गोदाम पहुंची थी। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ गोदाम में रखे स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी किए जाने की बात सामने आई है।

महाराष्ट्र के इनपुट पर पहुंची टीम

जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद DGGI के अधिकारी रायपुर पहुंचे थे। इसके बाद टीम ने शदाणी दरबार मार्केट स्थित गोदाम में दबिश दी। अधिकारियों ने गोदाम मालिक समेत कुछ अन्य लोगों को मौके पर बुलाकर पूछताछ की।

जांच का एक प्रमुख बिंदु यह भी बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में मिले गुटखे का वास्तविक मालिक कौन है और इसका स्टॉक वहां किस उद्देश्य से रखा गया था।

कारोबारी बंटी का नाम सामने आने की बात

DGGI सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि मंगलवार को जिस गोदाम से गुटखा जब्त किया गया, वहां रखा माल गुटखा कारोबारी बंटी का बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

बताया जा रहा है कि कारोबारी बंटी का दुर्ग में एक पार्टनर भी है और उसके ठिकाने पर पहले कार्रवाई हो चुकी है।

महाराष्ट्र से कई राज्यों में सप्लाई का दावा

सूत्रों के अनुसार, कारोबारी बंटी महाराष्ट्र से अपना कारोबार संचालित करता है। महाराष्ट्र में कल्याण के पास फैक्ट्री होने और वहीं से गुटखा तैयार कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क के जरिए छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश समेत अन्य क्षेत्रों में भी सप्लाई की जाती है।

फिलहाल DGGI की जांच जारी है। जब्त किए गए गुटखे के स्टॉक, दस्तावेजों और कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच के बाद ही मामले में आगे की तस्वीर साफ होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button