झांकी देखने जा रहे हैं तो पहले पढ़ लें ये खबर, रायपुर में कई सड़कें होंगी डायवर्ट; यहां मिलेगी पार्किंग

रायपुर :  राजधानी में गणेश विसर्जन झांकी को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली है। आज रात 9 बजे शारदा चौक से पारंपरिक गणेश झांकी की शुरुआत होगी। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक और पार्किंग तक व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद रायपुर में यह पहली बड़ी गणेश विसर्जन झांकी होगी। सुरक्षा के लिए करीब 2000 जवानों की तैनाती की गई है। झांकी रूट के अलावा शहर की प्रमुख सड़कों पर भी पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार निगरानी रखेंगी।

तीन लेयर में सुरक्षा, ड्रोन से होगी निगरानी

झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को तीन लेयर में बांटा गया है। कई स्थानों पर वॉच टावर बनाए गए हैं, जबकि झांकी रूट पर ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। ड्रोन से वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी।

किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए ACCU क्राइम ब्रांच की 20 टीमें तैनात रहेंगी। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शाम 5 बजे से शुरू हो जाएगी।

6 जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया झांकी रूट

पूरे झांकी मार्ग को सुरक्षा की दृष्टि से 6 जोन और 30 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, हर सेक्टर की निगरानी के लिए अलग अधिकारी तैनात रहेंगे।

झांकी शारदा चौक से रात 9 बजे शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीतालाब रोड, पुरानीबस्ती, लाखेनगर और सुंदरनगर होते हुए रायपुरा-महादेवघाट की ओर जाएगी।

शाम 6 बजे से बदलेगा ट्रैफिक रूट

प्रशासन सुबह से ही प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की तैयारी में जुटा है। शाम 6 बजे से पारंपरिक झांकी रूट से जुड़ी सड़कों पर बैरिकेडिंग कर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।

शराब दुकानें रहेंगी बंद

झांकी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर नगर निगम क्षेत्र के अलावा बिरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा क्षेत्र की देशी-विदेशी शराब दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी संबंधित दुकानें शाम 4 बजे से सील की जाएंगी। आबकारी विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

सदरबाजार में जर्जर मकानों पर भी नजर

सदरबाजार में निगम के निरीक्षण के दौरान चिन्हित 10 जर्जर मकानों को नोटिस देकर सील किया गया है। इन मकानों की छतों पर लोगों के चढ़ने पर रोक रहेगी और पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।

सदरबाजार में साउंड सिस्टम की आवाज भी नियंत्रित रखने के निर्देश हैं। ध्वनि स्तर की जांच के लिए मशीन लगाई जाएगी। 50 डेसिबल से अधिक ध्वनि पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

 झांकी देखने जा रहे हैं तो यहां पार्क करें वाहन

तेलीबांधा, पंडरी और राजातालाब क्षेत्र: शहीद स्मारक भवन के पास

कटोरा तालाब और टिकरापारा क्षेत्र: गांधी मैदान के पास

मठपारा और पुरानीबस्ती: इंडोर स्टेडियम के पास

विवेकानंद आश्रम, लाखेनगर, समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी: ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट

डायवर्जन के दौरान इन रास्तों से जारी रहेगा आवागमन

ट्रैफिक डायवर्जन के बावजूद कुछ प्रमुख वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।

तेलीबांधा-शास्त्री चौक से टाटीबंध जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से कालीबाड़ी, पचपेढ़ी नाका और रिंग रोड-1 होकर जा सकेंगे।

फाफाडीह चौक से आने-जाने वाले वाहन स्टेशन रोड, चौबे कॉलोनी और समता कॉलोनी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

खमतराई-फाफाडीह क्षेत्र के वाहन रिंग रोड-2 से आवाजाही कर सकेंगे।

वहीं, धमतरी रोड और पचपेढ़ी नाका से रेलवे स्टेशन या मेकाहारा की ओर जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक, शास्त्री चौक और मरही माता चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

प्रशासन ने झांकी देखने पहुंचने वाले लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और पुलिस-ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button