शिक्षक दिवस 2026: 68 शिक्षकों का सम्मान, प्रमोशन से लेकर PM श्री स्कूलों तक CM साय ने बताई सरकार की तैयारी

रायपुर : शिक्षक दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदेश के 68 शिक्षकों को सम्मानित किया।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा मौजूद रहे।

CM साय ने शिक्षकों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 5 सितंबर को देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालय इसकी गौरवशाली परंपरा के उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में बेहतर काम करने के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। हमारे बुजुर्गों ने भी शिक्षा के महत्व को हमेशा रेखांकित किया है।

200 से ज्यादा स्कूल मिले थे शिक्षक विहीन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों में राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। सरकार बनने के बाद जब स्कूलों की स्थिति की समीक्षा की गई तो पता चला कि 200 से अधिक स्कूल शिक्षक विहीन थे।

उन्होंने बताया कि शिक्षकों की उपलब्धता और स्कूलों में व्यवस्था सुधारने के लिए सरकार ने युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया लागू की है।

बस्तर में स्थानीय बोली-भाषा को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बस्तर जैसे क्षेत्रों में स्थानीय बोली और भाषा को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। इसके साथ ही स्कूलों में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए ‘न्योता भोज’ जैसे कार्यक्रम शुरू किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 341 स्कूलों का पीएम श्री योजना के तहत चयन किया जाएगा। इन स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

शिक्षकों और प्राध्यापकों के प्रमोशन पर भी बोले CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्राध्यापकों, शिक्षकों और प्रोफेसरों के प्रमोशन से जुड़ा विषय लंबित था। सरकार इस दिशा में भी काम कर रही है और प्रमोशन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने में उनकी भूमिका सबसे अहम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button