बिलासपुर में जमानत के लिए अंधविश्वास का खेल! श्मशान घाट में जज की फोटो रखकर कर रहे थे तंत्र-मंत्र

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने काला जादू के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसके तीन अन्य साथियों की तलाश जारी है। ये चारों युवक हाईकोर्ट के जज पर कालाजादू करने के कोशिश कर रहे थे, ताकि जज उनके तीन साथियों को जमानत दे दें। काला जादू करने वाले आरोपियों के साथी चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद हैं। गांव के लोगों ने कालाजादू कर रहे लोगों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान तीन आरोपी भाग गए, लेकिन एक को गांव के लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए व्यक्ति का रिश्तेदार बिलासपुर जिले में जेल में बंद है। इसी रिश्तेदार की जमानत कराने के लिए आरोपी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की फोटो रख तंत्र मंत्र कर रहे थे। पुलिस ने कालाजादू के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा है तथा तीन अन्य फरार हैं।
आधी रात में कर रहे थे पूजा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सीपत थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवरी गांव के श्मशान घाट में शुक्रवार आधी रात को चार लोगों को तंत्र मंत्र करते देखा गया था। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने जब गांव के श्मशानघाट में, संदिग्ध गतिविधियां देखीं तब उन्हें संदेह हुआ। ग्रामीण जब समूह बनाकर मौके पर पहुंचे तब चारों वहां से भागने लगे, जिनमें से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
श्मशानघाट में मुख्य न्यायाधीश की फोटो मिली
बिलासपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से पूजा सामग्री, मछली, नींबू, सिंदूर व मुख्य न्यायाधीश तथा दो अन्य के फोटो बरामद किये। सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक ऋषिकेश कुमार से प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी मिली कि उसका रिश्तेदार प्रियांशु बोले और कुछ अन्य युवक चाकूबाजी के आपराधिक मामले में जेल में बंद हैं, जिनमें से एक की जमानत हो चुकी है और अन्य आरोपियों की जमानत के लिए उच्च न्यायालय में अर्जी लगी हुई है।
सोशल मीडिया पर तांत्रिक ने दी सलाह
पकड़े गए युवक ने बताया कि सोशल मीडिया में किसी कथित तांत्रिक ने श्मशानघाट में तांत्रिक क्रिया करने पर जमानत मिलने की बात कही थी इसलिए वे यहां पूजा पाठ कर रहे थे। एसएसपी ने बताया कि पुलिस फरार तीन अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







