दंतेवाड़ा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल, पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार

दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए महिला की हत्या के आरोपी उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में पत्नी के चरित्र पर संदेह और आपसी विवाद के चलते हत्या करने की बात कबूल की है।

पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन एवं जितेंद्र खुंटे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अविनाश कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

घर से उठ रही दुर्गंध ने खोला हत्या का राज

23 जुलाई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक-03, कतियाररास स्थित एक मकान से तेज दुर्गंध आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आंगन में एक महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया। शव का सिर धड़ से अलग था, जिसे देखकर इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान झुनकी कुंजाम (35 वर्ष), निवासी बुरूंगपाल, थाना बोधघाट के रूप में हुई।

चरित्र शंका और विवाद बना हत्या की वजह

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका और उसके पति लक्ष्मण कुंजाम के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गोंदपाल क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 17 जुलाई 2026 की शाम शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने चाकू से पत्नी का गला काटकर उसकी हत्या कर दी।

जेल भेजा गया आरोपी

मामले में सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 73/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर 24 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस अंधे कत्ल के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा, निरीक्षक मुकेश ताती, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, योगेंद्र डहरिया, पीएसआई अंकित सोनी, पीएसआई अश्वनी सिंह सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button