डोंगरगढ़ में जलभराव का संकट, पहली ही बारिश में डूबी कॉलोनियां, प्रशासन कटघरे में

डोंगरगढ़: मानसून की पहली तेज बारिश ने ही नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के केदारबाड़ी, कालकापारा, टिकरापारा और रेलवे चौक समेत कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन और दैनिक जीवन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे गंभीर स्थिति केदारबाड़ी में देखने को मिली, जहां बारिश का पानी कई घरों में घुस गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के दौरान यहां जलभराव होता है और कई बार नगर पालिका व संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। रहवासियों का आरोप है कि केदारबाड़ी कॉलोनी के निर्माण के समय उचित जल निकासी व्यवस्था विकसित नहीं की गई, जिसके कारण हर बारिश में पूरा क्षेत्र तालाब में तब्दील हो जाता है।

रहवासियों का यह भी कहना है कि नगर पालिका केवल अस्थायी और औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रहती है, जबकि मूल समस्या जस की तस बनी हुई है। पहली ही बारिश में शहर के कई हिस्सों के जलमग्न होने से नगर की जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब स्थानीय लोग प्रशासन से तत्काल राहत के साथ-साथ स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने की मांग कर रहे हैं, ताकि हर साल होने वाली इस समस्या से निजात मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button