CG Open School Exam 2026: 10 अगस्त से 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, टाइम टेबल और आवेदन की पूरी जानकारी

महासमुंद : छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की हाईस्कूल (10वीं) एवं हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षाएं आगामी 10 अगस्त से प्रारंभ होंगी। राज्य ओपन स्कूल द्वारा 15 जून को दोनों कक्षाओं की विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है। आदेश के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान यदि किसी दिन सामान्य अथवा स्थानीय अवकाश घोषित किया जाता है, तब भी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
जारी समय सारिणी के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 10 से 25 अगस्त तक तथा कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 10 से 29 अगस्त तक संचालित होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 8.30 बजे से दोपहर 11.45 बजे तक आयोजित की जाएंगी। सैद्धांतिक परीक्षाओं के साथ ही संबंधित परीक्षा केन्द्रों में प्रायोगिक परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी।
आवश्यकता पड़ने पर हायर सेकंडरी की सैद्धांतिक परीक्षा के दिन हाईस्कूल की प्रायोगिक परीक्षा तथा हाईस्कूल की सैद्धांतिक परीक्षा के दिन हायर सेकंडरी की प्रायोगिक परीक्षा भी संपन्न कराई जा सकती है। शिक्षा विभाग के अनुसार ओपन स्कूल परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी 30 जून तक सामान्य शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म जमा किया जा सकता है। वहीं, किसी कारणवश आवेदन से वंचित रहने वाले अभ्यर्थियों को 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 से 8 जुलाई तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा। यह परीक्षा जिले के चार केन्द्रों में आयोजित की जाएगी। विद्यार्थी प्रवेश एवं परीक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए अपने नजदीकी अध्ययन केन्द्र से संपर्क कर सकते हैं। परीक्षा फॉर्म राज्य ओपन स्कूल की वेबसाइट से डाउनलोड कर संबंधित अध्ययन केन्द्र में आॅफलाइन भी जमा किया जा सकेगा।
परीक्षा की समय सारिणी
दिनांक 10वीं 12वीं
10.08.2026 उर्दू हिन्दी
11.08.2026 हिन्दी लेखांकन
13.08.2026 व्यवसाय अध्ययन गृह विज्ञान
17.08.2026 अर्थ शास्त्र भौतिकशास्त्र
18.08.2026 विज्ञान व्यवसायअध्ययन
19.08.2026 मराठी रासायनिक विज्ञान
20.08.2026 सामाजिक विज्ञान गणित
21.08.2026 गृह विज्ञान अर्थशास्त्र
22.08.2026 गणित जीव विज्ञान
24.08.2026 अंग्रेजी रसायन शास्त्र
25.08.2026 संस्कृत भूगोल
27.08.2026 अंग्रेजी अंग्रेजी
29.08.2026 इतिहास इतिहास







