NEET UG 2026 कल: 1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री, छात्रों के लिए अहम निर्देश

रायपुर : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET (UG)-2026 के आयोजन को लेकर रायपुर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान अभ्यर्थियों की एंट्री से लेकर एग्जिट तक की पूरी प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण और परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।
जिले में NEET (UG)-2026 परीक्षा का आयोजन 21 जून, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। जिला प्रशासन और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की है।
जिला नोडल अधिकारी NTA एवं सिटी कोऑर्डिनेटर रायपुर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में दोपहर 2 बजे होने वाली परीक्षा के लिए 1:30 बजे के बाद केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और वैध मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान जांच और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर तकनीकी संसाधनों और निगरानी तंत्र को मजबूत किया गया है। नकल और अन्य अनियमित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
धार्मिक अथवा पारंपरिक परिधान पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा जांच की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, ताकि सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर रोक
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, पर्स, बैग, नोट्स, किताबें और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को NTA द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने और हल्के एवं साधारण वस्त्र पहनकर आने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से विद्यार्थियों को सकारात्मक एवं तनावमुक्त माहौल उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ ही अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र पर दिए गए दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करने का अनुरोध किया गया है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।







