सिंदूर लगाने की सही उंगली कौन-सी है? जानिए धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यता

भारतीय परंपरा में सिंदूर का महत्व केवल एक श्रृंगार सामग्री तक सीमित नहीं है। खासकर, विवाहित महिलाओं के लिए यह सुहाग, प्रेम और वैवाहिक जीवन का प्रतीक माना जाता है। मंदिरों से लेकर घरों तक, सिंदूर लगाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं में यह भी माना जाता है कि सिंदूर कि उंगली से लगाया जा रहा है, उसका भी विशेष महत्व होता है।

पारंपरिक ज्योतिष के अनुसार, सिंदूर लगाने के लिए अनामिका (रिंग फिंगर) को सबसे शुभ माना जाता है। इस उंगली का संबंध सूर्य ग्रह से जोड़ा जाता है। सूर्य को आत्मविश्वास, ऊर्जा, सम्मान और सकारात्मकता का कारक माना जाता है। मान्यता है कि अनामिका से सिंदूर लगाने पर जीवन में संतुलन, सम्मान और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यही वजह है कि कई धार्मिक अनुष्ठानों में भी इसी उंगली का इस्तेमाल किया जाता है।

तर्जनी उंगली का महत्व
तर्जनी उंगली (इंडेक्स फिंगर) का संबंध गुरु ग्रह से माना जाता है। गुरु ज्ञान, आध्यात्मिकता और विवेक का प्रतीक है। ज्योतिष शास्त्र की मान्यताओं के अनुसार, इस उंगली से सिंदूर लगाने से आध्यात्मिक ऊर्जा और मानसिक स्पष्टता बढ़ सकती है। हालांकि, कई परंपराओं में तर्जनी उंगली इस्तेमाल कम किया जाता है क्योंकि इसे अधिकार और अहंकार से भी जोड़कर देखते हैं। मध्यमा उंगली को शनि ग्रह का प्रतिनिधि माना जाता है। शनि का संबंध कर्म, अनुशासन और जिम्मेदारियों से है।

ज्योतिष में इसे गंभीर ऊर्जा का प्रतीक माना गया है। यही कारण है कि शुभ कार्यों और मांग में सिंदूर लगाने के लिए मध्यमा उंगली का उपयोग आमतौर पर नहीं किया जाता है। कनिष्ठा उंगली (छोटी उंगली) का संबंध बुध ग्रह से माना जाता है। बुध को बुद्धि, संवाद और समझदारी का कारक कहा जाता है। कुछ आध्यात्मिक मान्यताओं में इसे भावनात्मक संतुलन और संवाद क्षमता से जोड़ा जाता है, लेकिन पारंपरिक सिंदूर अनुष्ठानों में इसका उपयोग कम देखने को मिलता है।

शुक्र ग्रह से है अंगूठे का संबंध
वहीं, बात करें अंगूठे की तो इसका संबंध शुक्र और इच्छाशक्ति से माना गया है। हालांकि, सामान्य तौर पर सिंदूर लगाने के लिए अंगूठे का इस्तेमाल नहीं किया जाता, लेकिन कुछ विशेष साधनाओं और तांत्रिक परंपराओं में इसका उल्लेख मिलता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मांग में सिंदूर लगाना पति की लंबी आयु और वैवाहिक सुख का प्रतीक माना जाता है। हालांकि, इन मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है, लेकिन भारतीय संस्कृति में आज भी लाखों लोग इन्हें श्रद्धा और विश्वास के साथ निभाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button