सुशासन तिहार 2026 : 12 करोड़ 87 लाख 80 हजार रुपये की 09 नलजल योजनाओं का लोकार्पण

बेमेतरा :सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत समाधान शिविर स्थल ग्राम आनंदगांव, विकासखंड बेरला, जिला बेमेतरा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा विभिन्न नलजल योजनाओं के लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री जे.पी. गोंड, सहायक अभियंता एस.के. प्रधान सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिले में लगभग 1287.80 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई कुल 09 नलजल योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें विकासखंड बेमेतरा के ग्राम बहेरा (के) में रेट्रोफिटिंग नलजल योजना का 01 कार्य तथा विकासखंड बेरला के ग्राम लावातरा (एल), बेलोदी कला, उफरा, बुड़ेरा, चंडी, भटगांव, टेमरी एवं नेवनारा में एकल ग्राम नलजल योजना के 08 कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

ग्रामीण विकास और जनसुविधाओं को मिल रही नई गति
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन एवं नलजल योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इन योजनाओं से महिलाओं एवं बच्चों को विशेष राहत मिलेगी तथा ग्रामीणों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार केवल समस्याओं के समाधान का अभियान नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम है। राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है।

उत्कृष्ट संचालन के लिए सरपंच सम्मानित
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पहँदा के सरपंच को नलजल योजना के उत्कृष्ट संचालन एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए माननीय उपमुख्यमंत्री द्वारा अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल की उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सराहना की।

ग्रामीणों में दिखा उत्साह
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि नलजल योजनाओं के शुरू होने से पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान होगा तथा गर्मी के मौसम में भी स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने शासन की जनहितकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button