13 किलोमीटर अंदरूनी गांव मोरपल्ली में पहली बार पहुंचा सिविक एक्शन प्रोग्राम

कभी नक्सल प्रभाव का गढ़ रहा मोरपल्ली, अब ग्रामीणों ने उठाई विकास की मांग

सुकमा :सुकमा जिले के अत्यंत अंदरूनी और पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे मोरपल्ली गांव में पहली बार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। 14 मई 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम ने गांव के लोगों में नई उम्मीद जगाई। वर्षों तक मुख्यधारा से कटे रहे इस गांव में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीच जरूरत के सामानों का वितरण किया गया।
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 74वीं वाहिनी के समादेष्टा श्री हिमांशु पाण्डे के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट श्री सुमन सोरम एवं थाना प्रभारी चिंतनलार इंस्पेक्टर अमोल खलको विशेष रूप से उपस्थित रहे। मोरपल्ली गांव और आसपास के क्षेत्रों के लगभग 200 से अधिक ग्रामीणों को बर्तन, साड़ी, लुंगी, चप्पल, छाता, सोलर लाइट, मच्छरदानी सहित बच्चों के लिए वालीबाल, फुटबाल, क्रिकेट किट और खेल सामग्री वितरित की गई।

मोरपल्ली गांव चिंतनलार स्थित सीआरपीएफ कैंप से लगभग 13 किलोमीटर पश्चिम दिशा में घने जंगलों के भीतर स्थित है। गांव तक पहुंचने के लिए आज भी कोई पक्की सड़क नहीं बनी है। कई स्थानों पर रास्ते बेहद दुर्गम हैं, जिसके बावजूद जवानों ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए सामान गांव तक पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आज तक बिजली, शुद्ध पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह नहीं पहुंच पाई हैं।एक समय मोरपल्ली सुकमा जिले के सबसे अधिक नक्सल प्रभावित गांवों में गिना जाता था। सुरक्षा कारणों से यहां प्रशासन और आम लोगों की पहुंच बेहद सीमित थी। लेकिन अब क्षेत्र के नक्सल मुक्त होने के बाद गांव के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की इच्छा जता रहे हैं। ग्रामीणों ने कार्यक्रम के दौरान सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं की मांग भी अधिकारियों के सामने रखी।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार उनके गांव में इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने क्षेत्र में शांति बनाए रखने तथा नक्सल समस्या को पूरी तरह समाप्त करने में पुलिस और सीआरपीएफ का सहयोग करने की बात कही।
कार्यक्रम में इंस्पेक्टर शाकिर खान, सब इंस्पेक्टर रोहताश सिंह, दुर्धनाथ पाल, सीआरपीएफ के जवान तथा थाना चिंतनलार के मुंशी आरक्षक नीरज पाण्डेय सहित अन्य जवान उपस्थित रहे। अंत में सहायक कमांडेंट श्री सुमन सोरम ने ग्रामीणों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सुरक्षा बल लगातार गांवों तक विकास और विश्वास पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button