CG Weather Update: अगले 24 घंटों में बदलेगा मौसम का मिजाज, गर्मी दिखाएगी तेवर

रायपुर : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई. मौसम विभाग ने आज से तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई है. लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं राजधानी रायपुर में दोपहर-शाम के बाद आसमान में बादल छाए रह सकते हैं.

प्रदेश में रविवार को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई. मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना-रायपुर-एपी में 3 सेमी, लाभांडीह, बिलासपुर, रायपुर में 2 सेमी और मोहला, अंबागढ़ चौकी, लोरमी, तखतपुर और सकरी में 1 सेमी पानी गिरा. इस दौरान सबसे ज्यादा गर्मी दुर्ग में पड़ी, यहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ 56 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है. एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य प्रदेश के मध्य भाग के दक्षिण हिस्से में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक द्रोणिका राजस्थान से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक द्रोणिका मध्य और ऊपर वायुमंडल में 7.6 किलोमीटर ऊंचाई पर उत्तर पूर्व बिहार से तटीय आंध्र प्रदेश के मध्य भाग तक छत्तीसगढ़ होते हुए स्थित है. वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मन्नार की खाड़ी और उससे लगे श्रीलंका के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है.

इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले 48 घंटे में बनने की संभावना है. प्रदेश में आज एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है. कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने के आसार हैं. अब से अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर प्रारंभ हो सकता है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?

राजधानी रायपुर में आज दोपहर के बाद से आसमान में बादल छाने की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button