सूरजपुर में आदिवासी अधिकार एवं सशक्तिकरण शिविर: विधायक जनक ध्रुव की उपस्थिति में गूंजा अधिकार, सम्मान और विकास का संकल्प

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में आयोजित तीन दिवसीय आदिवासी अधिकार एवं सशक्तिकरण शिविर में बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान और समग्र सशक्तिकरण को लेकर आयोजित संवाद में सक्रिय भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के दौरान विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार और संगठन का संकल्प है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, शिक्षा, अवसर और आत्मसम्मान की रोशनी पहुंचे, ताकि आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा में सशक्त रूप से स्थापित किया जा सके।
शिविर में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, वनाधिकार और सामाजिक न्याय जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे। वक्ताओं ने आदिवासी समुदाय के अधिकारों की सुरक्षा और उनके समग्र विकास के लिए ठोस प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, भानु प्रताप सिंह, पूर्व विधायक पारसनाथ रजवाड़े, जिला अध्यक्ष सूरजपुर शशि सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।पूरे आयोजन में आदिवासी अस्मिता, अधिकारों की सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आया, जिसने समाज के बीच जागरूकता और एकजुटता को और अधिक मजबूत किया।







