केंद्रीय जेल रायपुर से फरार ईनामी आरोपी गिरफ्तार – गंज पुलिस, ACCU रायपुर एवं UP STF की संयुक्त कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता

रायपुर : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा फरार वारंटियों एवं ईनामी आरोपियों की पतासाजी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। केंद्रीय जेल रायपुर से न्यायिक अभिरक्षा से फरार हुए ईनामी आरोपी को समन्वित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई के माध्यम से गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस श्री पंकज सिन्हा की अदालत ने उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू को 25 जुलाई 2024 को 15 वर्ष कैद और 3 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया था। अर्थदंड की राशि नहीं देने पर 6 साल अतिरिक्त कैद की सजा सुनाई गई थी। उसके अच्छे आचरण को देखते हुए जेल से बाहर काम के सिलसिले में भेजा गया था। आरोपी चन्द्रवीर उर्फ पिंटू केंद्रीय जेल रायपुर से फरार होने के पश्चात लगातार स्थान बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु 5,000/- रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
प्रकरण में थाना गंज, जिला रायपुर के अपराध क्रमांक 220/2025 धारा 262 बीएनएस के तहत आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में थाना गंज पुलिस के उप निरीक्षक काशीनाथ मंडावी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश (आगरा क्षेत्र) रवाना किया गया।

टीम द्वारा किए गए प्रयासों के तहत तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना संकलन, संभावित ठिकानों पर सतत दबिश, स्थानीय स्तर पर गोपनीय निगरानी एवं अंतरराज्यीय समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गई।
इस दौरान थाना गंज पुलिस को फरार वारंटी की तलाश में ACCU रायपुर द्वारा महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया, तथा ACCU रायपुर ने उत्तर प्रदेश STF के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कराने एवं उसे पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई ।

उक्त समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप संयुक्त टीम द्वारा आगरा (उ.प्र.) क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button