एनएमडीसी टाउनशिप के स्टोर रूम में हुई चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार — शराब के नशे में वाहन चलाने वाला भी पहुंचा जेल

किरंदुल: थाना किरंदुल पुलिस ने एनएमडीसी इलेक्ट्रिकल टाउनशिप के ओडीएस स्टोर रूम में हुई चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया कॉपर तार व अन्य इलेक्ट्रिकल सामान तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर जप्त कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को एनएमडीसी के इलेक्ट्रिकल विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक वीरन्ना वी ने थाना किरंदुल में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी 2026 की रात करीब 1:55 बजे से 4:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने एनएमडीसी इलेक्ट्रिकल टाउनशिप स्थित ओडीएस स्टोर की फेंसिंग तार काटकर दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुसकर लगभग 87 हजार रुपये मूल्य के इलेक्ट्रिकल सामान व कॉपर तार की चोरी कर ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन और एसडीओपी कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने साहिल भास्कर (18 वर्ष), अनिल कुंजाम (24 वर्ष) निवासी कलेपाल तथा अजय मुचाकी (22 वर्ष) निवासी नकुलनार पटेलपारा हाल वार्ड क्रमांक 18 पटवारीपारा किरंदुल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। तीनों आरोपियों को 12 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।वहीं एक अन्य कार्रवाई में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने और पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा करने वाले दुगेली निवासी जोगा को भी धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक लीला राम गंगबेर, हेमशंकर गुनेन्द्र, प्रधान आरक्षक मधुकांत मरकाम तथा आरक्षक विक्रांत साहू और प्रीतम ठाकुर की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button